CG NewsRaigarh News

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिले रायगढ़ और कोंडागांव के 50 बेलमेटल शिल्पकार

छत्तीसगढ़ की पारंपरिक शिल्पकला को सोमवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदेश के कोंडागांव और रायगढ़ से पहुंचे 50 बेलमेटल शिल्पकारों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। पीढ़ियों से पारंपरिक बेलमेटल कला को संरक्षित और जीवंत बनाए रखने वाले शिल्पकारों के लिए यह गौरवपूर्ण अवसर रहा। इस दौरान छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत और सचिव राजेश सिंह राणा भी उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत कोंडागांव और रायगढ़ के बेलमेटल शिल्पकारों से मिलने की इच्छा व्यक्त की थी। इसी क्रम में 50 शिल्पकारों का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली पहुंचा और राष्ट्रपति से मुलाकात की।

छत्तीसगढ़ की बेलमेटल कला, विशेषकर बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा शिल्प परंपरा, अपनी विशिष्ट निर्माण शैली और बारीक कारीगरी के लिए जानी जाती है। इस कला के माध्यम से धातु से देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों, लोकजीवन और पारंपरिक आकृतियों को आकार दिया जाता है। इन कलाकृतियों में प्रदेश की जनजातीय संस्कृति की झलक दिखाई देती है। कोंडागांव के शिल्पकार पीढ़ियों से इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए हैं।

राष्ट्रपति भवन में देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी कला एवं सांस्कृतिक विरासत प्रस्तुत करने का अवसर मिलता रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के शिल्पकारों की यह मुलाकात प्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

यह मुलाकात उन कलाकारों के लिए विशेष महत्व रखती है, जो पीढ़ियों से प्राप्त पारंपरिक ज्ञान, कौशल और कलात्मक विरासत को आज भी संरक्षित कर रहे हैं। राष्ट्रपति भवन तक पहुंचने से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बेलमेटल कारीगरी और शिल्पकारों की साधना को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button