उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन, केलो नदी घाट पर उमड़ा जनसैलाब

रायगढ़ शहर में चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ हुआ। अंतिम दिन शहर के विभिन्न नदी और तालाब घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मईया की पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरा वातावरण छठी मईया के पारंपरिक गीतों, दीपों और भक्ति भाव से सराबोर नजर आया।
शहर के जूटमिल लेबर कॉलोनी स्थित केलो नदी घाट पर मेले जैसा माहौल रहा। यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु उगते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे। घाट दीपों की रोशनी और छठी मईया के गीतों से जगमगा उठा। कठिन निर्जला उपवास के बाद भी व्रतियों के चेहरों पर श्रद्धा और संतोष का भाव दिखाई दिया।
सूर्योदय से पहले ही श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे ही सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, व्रतियों ने परंपरागत तरीके से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन किया गया।
केलो नदी के खर्रा घाट, कयाघाट और एसईसीएल घाट सहित शहर के विभिन्न तालाबों में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। सभी घाटों पर छठी मईया के गीतों और पूजा-पाठ के बीच भक्तिमय माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने परिवार के साथ पहुंचकर पूजा में हिस्सा लिया और सूर्य उपासना के इस पर्व में अपनी आस्था व्यक्त की।
चार दिनों तक चले छठ महापर्व के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रतियों ने पूजा की परंपराओं को पूरा किया। विभिन्न घाटों पर श्रद्धा और आस्था का अनूठा दृश्य देखने को मिला।
