Raigarh News

रायगढ़ में दो दिन में 53 किसानों से 2,506 क्विंटल धान खरीदा, कलेक्टर ने किया निरीक्षण

रायगढ़ जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हो गई है। जिले की 11 समितियों में खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। पहले दो दिनों में 53 किसानों से कुल 2,506.40 क्विंटल धान खरीदा गया है। इस बीच कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने पटेलपाली और गढ़उमरिया धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खरीदी के पहले दिन दो किसानों ने 638 क्विंटल धान का विक्रय किया। वहीं 16 नवंबर को 51 किसानों से 1,868.40 क्विंटल धान की खरीदी हुई। इस तरह दो दिनों में कुल 53 किसानों से 2,506.40 क्विंटल धान खरीदा गया। 17 नवंबर के लिए 55 किसानों को 3,374.40 क्विंटल धान विक्रय के टोकन जारी किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। केंद्रों में पेयजल, बैठने, छांव, बारदाना और तौल की व्यवस्था के साथ धान का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित किया जाए।

इस वर्ष जिले की 79 समितियों के अंतर्गत 112 उपार्जन केंद्रों में 84,501 पंजीकृत किसानों से धान खरीदा जाएगा। किसानों का कुल पंजीकृत रकबा 1,21,690.325 हेक्टेयर है। पिछले खरीफ विपणन वर्ष में 69 समितियों के 105 केंद्रों के माध्यम से खरीदी हुई थी। इस वर्ष 10 समितियों और 7 उपार्जन केंद्रों की वृद्धि की गई है।

अवैध धान की आवक रोकने के लिए जिले में 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जहां तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके अलावा सभी 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं। कोचियों-बिचौलियों और अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर प्रशासन की नजर रहेगी। अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

किसानों को घर बैठे टोकन उपलब्ध कराने के लिए तुंहर टोकन मोबाइल एप की सुविधा दी गई है। इसके माध्यम से ओटीपी आधारित पंजीयन के बाद 24 घंटे ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया जा सकता है। समिति स्तर पर भी टोकन जारी किए जा रहे हैं।

प्रशासन के अनुसार, उपार्जन केंद्रों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप साफ और पर्याप्त सूखा धान खरीदा जाएगा। धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत तय है और तौल इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र से होगी। प्रत्येक केंद्र में किसान हेल्पडेस्क, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल और बैठने की व्यवस्था की जा रही है। सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button