बोतल्दा रॉक गार्डन में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र स्थित बोतल्दा के अटल रॉक गार्डन में 20 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती अपने मित्र के साथ पिकनिक स्पॉट घूमने गई थी, जहां दो युवकों ने कथित तौर पर दोनों के साथ मारपीट कर नकदी लूट ली। इसके बाद युवक को बेहोश कर युवती के साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और किसी को जानकारी देने पर उसे वायरल करने की धमकी दी। शिकायत के बाद खरसिया पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सक्ती थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती शनिवार को अपने गांव से एक मित्र के साथ बाइक पर रेलवे स्टेशन सक्ती जाने के लिए निकली थी। ट्रेन लेट होने के कारण दोनों घूमने के लिए दोपहर में खरसिया के बोतल्दा स्थित अटल रॉक गार्डन पहुंच गए। वहां सीढ़ियां चढ़ते समय पीछे से आए दो युवकों ने उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि युवकों ने युवती के मोबाइल में रखे 1,200 रुपये और उसके मित्र से 10 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद डंडे से युवक के सिर और शरीर पर हमला कर उसे बेहोश कर दिया। युवक के बेहोश होने पर दोनों आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। कुछ समय बाद युवक को होश आया तो आरोपियों ने दोनों का वीडियो बनाया और घटना की जानकारी किसी को देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए बोतल्दा में स्थानीय लोगों से पूछताछ की और संदिग्ध युवकों की तस्वीरें पीड़िता को दिखाकर पहचान कराई। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर घटनास्थल पर वारदात का सीन रीक्रिएट कराया गया।
पुलिस ने आरोपी फनेश्वर प्रसाद पटेल (20) के पास से वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया आईफोन और लूट की रकम में से 1,500 रुपये बरामद किए। वहीं राहुल पटेल (21) के कब्जे से 3,000 रुपये और वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों के मोबाइल की जांच में अन्य युवतियों के फोटो और वीडियो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
