जिला स्तरीय पावर क्विज में पुसौर और लैलूंगा की टीमों ने हासिल किया प्रथम स्थान

बाल दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले में आयोजित जिला स्तरीय पावर क्विज प्रतियोगिता 2026-27 में पुसौर और लैलूंगा के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। 14 नवंबर को पुसौर विकासखंड के ग्राम लारा स्थित तरंग ऑडिटोरियम में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की 28 टीमों के लगभग 100 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में आत्मानंद विद्यालय पुसौर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि तमनार की टीम दूसरे स्थान पर रही। वहीं वरिष्ठ वर्ग में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय लैलूंगा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता विद्यार्थियों को टैबलेट, प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
जिला प्रशासन रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता को दो चरणों में पूरा किया गया। पहले चरण में लिखित परीक्षा के माध्यम से प्रतिभागी टीमों का चयन किया गया। इसके बाद अंतिम चरण में सामान्य ज्ञान, ऊर्जा एवं विद्युत, चित्र आधारित प्रश्न और त्वरित उत्तर दौर आयोजित किए गए। इन माध्यमों से विद्यार्थियों की विषयगत जानकारी, तार्किक क्षमता और त्वरित निर्णय लेने के कौशल का परीक्षण किया गया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, ऊर्जा एवं विद्युत के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सामान्य ज्ञान, तार्किक और विश्लेषणात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना था। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। साथ ही उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक आलोक स्वर्णकार, महाप्रबंधक एम. श्रीनाथ, सुष्मिता रेड्डी, उदयगिरि वी.वी.एस. श्रीनिवास राव और अपर महाप्रबंधक जाकिर खान सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
