जेपीएल में केक काटकर मनाया बाल दिवस, एमडी सुदीप नाग बोले- बच्चे खुद बनाएं अपनी राह

रायगढ़ के जिंदल पावर (जेपीएल) में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बाल दिवस मनाया गया। शनिवार, 14 नवंबर को ओपी जिंदल स्कूल, सावित्रीनगर के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने केक काटकर और सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच बाल दिवस का उत्सव मनाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिंदल पावर तमनार के एमडी सुदीप नाग रहे, जबकि अध्यक्षता सीएचआरओ आशीष कुमार ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमडी सुदीप नाग ने कहा कि बच्चे देश की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य हैं। 14 नवंबर को बाल दिवस मनाने का उद्देश्य देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन को याद करना है। उन्होंने कहा कि जिंदल में बिजली का उत्पादन कर देश को ऊर्जा दी जाती है, वहीं बच्चे परिवार के पावर हाउस होते हैं।
उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें अपनी राह खुद बनानी चाहिए, ताकि भविष्य में वे दूसरों को भी रास्ता दिखा सकें। इसके लिए भविष्य की तैयारी आज से ही शुरू करनी होगी। बच्चों को अपनी क्षमता और प्रतिभा को विकसित करते हुए देश की उन्नति में योगदान देने का लक्ष्य रखना चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत केक काटने के साथ हुई। जिंदल पावर के अधिकारियों ने बच्चों से केक कटवाया। अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चे उत्साहित नजर आए। इस अवसर पर बच्चों को उपहार भी दिए गए।
बाल दिवस के आयोजन में बच्चों के मनोरंजन के लिए जादू का कार्यक्रम भी रखा गया। जादूगर सजल अग्रवाल ने कई रोचक करतब दिखाए। उन्होंने चावल से मुरमुरा बनाने, कपड़ों से रंग-बिरंगी छतरी निकालने और कागज से नोट बनाने जैसे जादुई प्रदर्शन किए। इसके अलावा कागज को कई टुकड़ों में फाड़कर दोबारा जोड़ने का करतब दिखाकर बच्चों का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में ग्रुप सीएसआर हेड ऋषिकेश शर्मा, जीएम एचआर आरपी पाण्डेय, जीएम सीएमजी नीरज चौबे, ओपी जिंदल स्कूल के प्राचार्य राकेश शर्मा, मैनेजर सीएसआर शीतल पटेल और चिल्ड्रन होम के बृजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में बच्चे, शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
