रायगढ़ में पहली बार आयोजित CUTICON 2026 का समापन, शैक्षणिक सत्र में विशेषज्ञों ने साझा किए शोध

रायगढ़ के होटल श्रेष्ठा में इंडियन एसोसिएशन ऑफ डर्मेटोलॉजिस्ट, वेनेरोलॉजिस्ट एंड लेप्रोलॉजिस्ट (IADVL) के छत्तीसगढ़ चैप्टर की ओर से आयोजित दो दिवसीय वार्षिक कांफ्रेंस CUTICON 2026 का रविवार को समापन हुआ। सम्मेलन का शैक्षणिक स्तर उम्मीद से बेहतर रहा। दूसरे दिन विशेषज्ञ चिकित्सकों ने त्वचा रोग, बालों के उपचार, कुष्ठ रोग, नाखूनों की सर्जरी और चिकित्सा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित विभिन्न विषयों पर शोधपरक व्याख्यान दिए। प्रदेश और देश के अलग-अलग हिस्सों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ जूनियर डॉक्टरों और मेडिकल स्टूडेंट्स ने भी शैक्षणिक सत्रों में भाग लिया।
दूसरे दिन क्विज मास्टर डॉ. सेनकधिर वंधन ने प्रश्नोत्तरी सत्र का संचालन किया। डॉ. नवनीत कौर ने कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों की सुरक्षा और टीकाकरण पर व्यावहारिक जानकारी साझा की। डॉ. सामू और डॉ. अनिल सिन्हा ने डर्मेटोलॉजी में फेशियल फैट ग्राफ्टिंग पर व्याख्यान दिया। वहीं डॉ. मनजीत गुप्ता ने बाल झड़ने के उपचार में हालिया विकास और डॉ. सविता ए.एस. ने नाखूनों की सर्जरी पर जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने लेजर से जुड़ी रोजमर्रा की क्लिनिकल समस्याओं और उनके उपचार पर सामूहिक चर्चा भी की। इस सत्र के मॉडरेटर डॉ. डेनिस हेनरी थे। पैनल में डॉ. अभिषेक डे, डॉ. आलोक सुल्तानिया, डॉ. गोविंद एस. मित्तल और डॉ. अजय पांडे शामिल रहे।
इसके अलावा डॉ. डेनिस हेनरी ने डर्मेटोलॉजी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डॉ. सौमिल खरे ने पुरुष जननांग विकारों में म्यूकोस्कोपी और डॉ. सौरभ रावत ने कुष्ठ रोग के हिस्टोपैथोलॉजिकल स्पेक्ट्रम पर व्याख्यान दिया। डॉ. जे.पी. स्वाईं ने मल्टी-ड्रग थेरेपी के बाद नसों के नुकसान को नियंत्रित करने, डॉ. नीलप्रभा ने बाल झड़ने में आयरन की कमी और डॉ. प्रकाश खूंटे ने स्कारिंग एलोपेसिया में हेयर ट्रांसप्लांट के विषय पर अपने शोध प्रस्तुत किए। डॉ. गरिमा बाल पांडेय और डॉ. आलोक दीक्षित ने भी क्रमशः गट-स्किन कनेक्शन और चिकित्सकों की मानसिक देखभाल से जुड़े विषयों पर व्याख्यान दिए।
शैक्षणिक सत्र के समापन पर IADVL छत्तीसगढ़ चैप्टर के सचिव डॉ. राकेश पटेल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आयोजन में सहयोग देने वाले दवा कंपनियों के प्रतिनिधियों को IADVL CGSB की ओर से अध्यक्ष डॉ. पीयूष अग्रवाल, डॉ. अखिलेश बेहरा और डॉ. नवल पटेल ने प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया।
आयोजन के अध्यक्ष डॉ. पीयूष अग्रवाल ने विशेषज्ञ चिकित्सकों, सहयोगियों, मीडिया प्रतिनिधियों और संस्थानों के प्रति आभार जताया। रायगढ़ में IADVL की वार्षिक कांफ्रेंस पहली बार आयोजित की गई। आयोजन की व्यवस्थाओं में डॉ. पीयूष अग्रवाल, डॉ. राकेश पटेल, उपाध्यक्ष डॉ. दिलीप सा, कोषाध्यक्ष डॉ. अखिलेश बेहरा और संयुक्त सचिव डॉ. नवल पटेल सहित पूरी टीम की भूमिका रही। सम्मेलन में प्रस्तुत शोधपत्रों और व्याख्यानों के कारण जूनियर डॉक्टरों तथा मेडिकल विद्यार्थियों को भी विशेषज्ञों से सीखने का अवसर मिला।
