ओपी चौधरी ने कयाघाट में दिया संध्या अर्घ्य, छठ पर्व को बताया एकता का प्रतीक

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी रायगढ़ के जूटमिल स्थित कयाघाट छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने संध्या अर्घ्य में शामिल होकर श्रद्धालुओं को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान घाट पर सैकड़ों व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। छठी मइया के गीतों, दीपों और श्रद्धालुओं की आस्था से पूरा घाट भक्तिमय नजर आया।
ओपी चौधरी ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि परंपरा, संस्कृति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कठिन उपवास के बावजूद व्रतियों के चेहरों पर आस्था, तेज और संतोष दिखाई देता है। यह पर्व सूर्य उपासना के साथ प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश भी देता है।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा में जाति-पाति और ऊंच-नीच का भेदभाव नहीं होता। सभी लोग एक ही घाट पर एक साथ सूर्य को अर्घ्य देते हैं। यही भारत की वास्तविक एकता है। बिहार से लेकर छत्तीसगढ़ तक छठ पर्व ने लोगों को आपस में जोड़ने का काम किया है।
ओपी चौधरी ने रायगढ़ के कयाघाट में श्रद्धालुओं की सहभागिता और पर्व के दौरान दिखे अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि हजारों लोगों ने जिस श्रद्धा और अनुशासन के साथ छठ पर्व मनाया, वह सराहनीय है।
इस अवसर पर उन्होंने छठी मइया से सभी परिवारों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही किसानों की अच्छी फसल, युवाओं को रोजगार और रायगढ़ के निरंतर विकास की प्रार्थना की।
