Raigarh News

घरघोड़ा में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने 52 वर्षीय शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्राथमिक शाला में पदस्थ था। बच्ची की दादी की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को एक महिला ने घरघोड़ा थाने में अपनी नातिन के साथ हुई घटना की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि जब उसने बच्ची को स्कूल जाने के लिए कहा तो उसने जाने से मना कर दिया। स्कूल नहीं जाने का कारण पूछने पर बच्ची ने बताया कि 12 नवंबर को दोपहर में स्कूल के शिक्षक अजय कुमार भट्ट उसे और कक्षा के एक अन्य छात्र को दूसरे कमरे में ले गए थे। बच्ची के मुताबिक, वहां शिक्षक ने अपने निजी अंग दिखाए।

बच्ची की बात सुनने के बाद महिला ने गांव के प्रमुख लोगों को घटना की जानकारी दी और डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने जानकारी लेने के बाद महिला को शिकायत दर्ज कराने के लिए घरघोड़ा थाना भेजा।

महिला के लिखित आवेदन पर पुलिस ने आरोपी अजय कुमार भट्ट, पिता स्वर्गीय रमेश चंद्र भट्ट, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम ठूसेकेला, थाना खरसिया और वर्तमान में घरघोड़ा क्षेत्र में रहने वाले के विरुद्ध अपराध क्रमांक 339/2026 दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 एवं 12 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ और विवेचना के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त और पुलिस स्टाफ की भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे विवेचना कर रही है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button