Raigarh News

जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश

रायगढ़ में सोमवार, 16 नवंबर को जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में लैलूंगा विकासखंड के ग्राम पंचायत ऐंकरा निवासी जगदीश सिदार ने गांव में मुक्तिधाम और अहाता निर्माण की मांग रखी। ग्राम दर्रीडीह के भक्तराम प्रधान ने बताया कि कृषि विद्युत कनेक्शन के लिए काफी समय पहले आवेदन देने के बावजूद अब तक उन्हें कनेक्शन नहीं मिला है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को मामले में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्राम रेंगालपाली की गौरी गुप्ता ने बताया कि उन्हें जन्म से सुनने में परेशानी है। उन्होंने अपनी समस्या के समाधान के लिए श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं मितानिन सरिता चौहान ने मितानिनों की जिला चिकित्सालय में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराने का मुद्दा उठाया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के मोतियाबिंद ऑपरेशन में लंबी प्रतीक्षा के कारण हो रही परेशानियों की ओर भी कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट कराया।

ग्राम अमलडीहा के छबि राम ने नक्शा बंटवारे के लिए आवेदन देने के बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं होने की जानकारी दी और शीघ्र निराकरण की मांग की। इसी तरह ग्राम सूपा के गजपति रात्रे ने स्वयं को दिव्यांग बताते हुए दैनिक कार्यों में होने वाली कठिनाइयों से अवगत कराया। उन्होंने आवागमन की सुविधा के लिए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जनदर्शन में मिले सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाना तथा आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button