धान खरीदी, जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन पर कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

रायगढ़ में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था, किसानों की सुविधाएं, अवैध धान के परिवहन पर निगरानी, जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों सहित औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने 15 नवंबर से जिले में शुरू हुई धान खरीदी की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी सहकारी समितियों और उपार्जन केंद्रों में खरीदी सुचारू रूप से संचालित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि धान बेचने के लिए आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और केंद्रों में जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों और प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जांच नाकों पर तैनात कर्मचारियों को सतर्कता से काम करने और उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा। उपार्जन केंद्रों एवं सहकारी समितियों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध धान से जुड़े मामलों में नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने और नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और शिकायतों के निराकरण में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
औद्योगिक क्षेत्रों में खराब सड़कों और मरम्मत की आवश्यकता पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित उद्योगों की सहभागिता से कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने विभागों और उद्योगों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए, ताकि औद्योगिक क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर हो सके।
जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में अव्यवस्थाओं से संबंधित शिकायतों पर कलेक्टर ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां साफ-सफाई, उपलब्ध व्यवस्थाओं और आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेकर कमियों पर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा, ताकि सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
बैठक में नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर भूआर्य, डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
