Raigarh News

जनाधार दावों से नहीं विश्वास से तय होता है : ओपी चौधरी

ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

रायगढ़ के वित्त मंत्री और विधायक ओपी चौधरी ने जनजातीय गौरव दिवस तथा दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस कार्यक्रम की तस्वीरों वाला पोस्टर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि सच्चा जनाधार दावों से नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और समर्थन से तय होता है। चौधरी ने दिल्ली के रामलीला मैदान और धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रमों की तुलना करते हुए कांग्रेस के जनसमर्थन पर सवाल उठाए।

ओपी चौधरी ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस ने बड़े स्तर पर आह्वान किया और बड़ी-बड़ी बातें कीं, लेकिन उनके अनुसार वहां अपेक्षित जनभागीदारी नहीं दिखी। इसके विपरीत धरमजयगढ़ में भाजपा के आह्वान पर हजारों आदिवासी महिला-पुरुष अपने जनजातीय महापुरुष बिरसा मुंडा को नमन करने पहुंचे। उन्होंने इसे दिखावे और जनता के वास्तविक विश्वास के बीच का अंतर बताया।

मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जनजातीय गौरव दिवस का विरोध किया और उसके नेताओं ने इस अवसर पर बधाई तक देना उचित नहीं समझा। उन्होंने कहा कि जिस समाज के महापुरुष बिरसा मुंडा की जयंती देशभर में मनाई गई, उस पर कांग्रेस की चुप्पी उसकी मानसिकता को दर्शाती है।

ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर आदिवासी समाज की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने लंबे समय तक आदिवासियों को वोट बैंक के रूप में देखा और उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में पहचान दी, लेकिन कांग्रेस को इससे परेशानी हुई।

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अब जागरूक हो चुका है और वह ऐसे नेताओं के साथ खड़ा होगा, जो उसके बीच पहुंचकर उसके महापुरुषों और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करते हैं। चौधरी ने कहा कि धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस पर उमड़ी भीड़ जनता के विश्वास और समर्थन को दर्शाती है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button