रायगढ़। अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने स्क्रैप के अवैध परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए करीब 14 टन स्क्रैप से लदे टाटा 1512 माजदा वाहन को जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त स्क्रैप की कीमत करीब 3.98 लाख रुपए और वाहन की कीमत करीब 8 लाख रुपए है। कुल 11.98 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 30 सितंबर को थाना प्रभारी निरीक्षक राम किंकर यादव को सूचना मिली थी कि स्टार ढाबा के पास लाल-मैरून रंग के माजदा वाहन में टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स सहित स्क्रैप छिपाकर रखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां टाटा 1512 माजदा वाहन क्रमांक OD15V7853 खड़ा मिला।
वाहन की जांच में करीब 14 टन स्क्रैप लोड पाया गया। पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर चालक मौके से भागने और छिपने का प्रयास कर रहा था, जिसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भूषण कुमार साह (37), निवासी वार्ड नंबर 09, ब्रीजराजनगर, जिला झारसुगुड़ा, ओडिशा बताया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह स्क्रैप को ओडिशा के बरगढ़ जिले के रेंगाली कैंप स्थित कबाड़ी दुकान से लेकर स्थानीय प्लांट में खपाने के लिए ला रहा था। पुलिस ने स्क्रैप और परिवहन में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है।
मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 35(क)(ड) BNSS एवं धारा 303(2) BNS के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, आरक्षक विनय तिवारी, आरक्षक चन्द्रशेखर चन्द्राकर और आरक्षक विनोद शर्मा की भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ के परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस लगातार निगरानी रख रही है तथा अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

