spot_img

Latest Posts

महानदी का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित गांवों में राहत-बचाव कार्य जारी

रायगढ़। महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के चलते पुसौर विकासखंड के तटीय क्षेत्रों में प्रशासन ने निगरानी और राहत-बचाव कार्य तेज कर दिया है। सूरजगढ़ और परसापाली गांव में महानदी का पानी पहुंचने के बाद प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से दोनों क्षेत्रों में राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।

शासन के निर्देशानुसार और कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पुसौर विकासखंड के महानदी तटीय क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। जलस्तर और जलभराव की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवश्यकता के अनुसार सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अन्य तटीय क्षेत्रों में भी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

सूरजगढ़ गांव में महानदी का पानी पहुंचने से करीब 450 लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए पड़ीगांव में राहत शिविर बनाया गया है। प्रशासन की टीम ग्रामीणों को शिविर में शिफ्ट करने में जुटी है। राहत शिविर में प्रभावित लोगों के लिए भोजन और पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रशासन की ओर से शिविर में लोगों की जरूरतों का जायजा भी लिया जा रहा है, ताकि स्थिति के अनुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

इसी तरह परसापाली गांव में भी बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित ग्रामीणों के लिए छिछोर उमरिया के स्कूल भवन में राहत शिविर बनाया गया है। यहां भी प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। राहत शिविर में भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में ग्रामीणों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।

महानदी के अन्य तटीय क्षेत्रों में भी प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। संभावित बाढ़ को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है, ताकि बाढ़ की स्थिति में पशुधन को नुकसान से बचाया जा सके।

एसडीएम महेश शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। अधिकारी मौके पर पहुंचकर महानदी के जलस्तर, जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों में की गई व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्यों को समन्वित तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।

पुसौर जनपद पंचायत के सीईओ, पंचायत सचिव, पटवारी तथा पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों की स्थिति की जानकारी जुटाने के साथ ही जरूरत के अनुसार उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम किया जा रहा है।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss