Raigarh News

संजय मार्केट में चला स्वच्छता का महाअभियान, महापौर से लेकर व्यापारियों तक ने किया श्रमदान

रायगढ़। सेवा ही संकल्प अभियान के तहत नगर निगम प्रशासन की ओर से गुरुवार को संजय मार्केट में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, निगम के अधिकारी-कर्मचारी और संजय मार्केट के व्यवसायियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने हाथों में झाड़ू, रांपा, तसला सहित अन्य सफाई उपकरण लेकर मार्केट परिसर और आसपास की गलियों में श्रमदान करते हुए व्यापक साफ-सफाई की।

स्वच्छता अभियान के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान ने स्वयं हाथ ठेला संभालकर संजय मार्केट की विभिन्न गलियों का भ्रमण किया। उन्होंने व्यवसायिक संस्थानों के सामने और आसपास पड़े कचरे को एकत्रित कर उसे परिवहन के लिए भेजा। इसी तरह सभापति डिग्री लाल साहू ने तसला उठाकर गलियों में पड़े कचरे को एकत्रित किया। एमआईसी सदस्यों, पार्षदों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों और व्यापारियों ने भी सफाई कार्य में हिस्सा लिया और मार्केट परिसर को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया।

अभियान के दौरान निगम की टीम ने संजय मार्केट के व्यवसायियों को कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था के प्रति जागरूक किया। व्यवसायियों से कहा गया कि दुकान या व्यवसायिक संस्थान बंद करने के बाद कचरा सड़क, नाली अथवा किसी सार्वजनिक स्थान पर न फेंका जाए। इसके लिए प्रत्येक दुकान और व्यवसायिक संस्थान में डस्टबिन रखने तथा उसमें एकत्रित कचरे को निगम के स्वच्छता वाहनों को ही सौंपने की समझाइश दी गई।

निगम की टीम ने बताया कि खुले में कचरा फेंकने से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलने के साथ-साथ नालियों के जाम होने और संक्रमण की स्थिति बनने की संभावना रहती है। इसलिए दुकानदारों और व्यवसायियों से अपने प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का उचित तरीके से प्रबंधन करने की अपील की गई।

अभियान के दौरान व्यवसायियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की भी अपील की गई। निगम की टीम ने कहा कि दुकानों पर आने वाले ग्राहकों को भी सिंगल यूज प्लास्टिक की सामग्री नहीं दी जाए। इसके साथ ही सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 के अनुरूप कचरे का उचित प्रबंधन करने, दुकानों में अलग-अलग डस्टबिन रखने और गीले-सूखे सहित अन्य प्रकार के कचरे को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निगम के स्वच्छता वाहनों को देने के लिए समझाइश दी गई।

निगम प्रशासन की ओर से अभियान के दौरान यह भी बताया गया कि स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए व्यवसायियों, नागरिकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी आवश्यक है। मार्केट जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानों और पसरा संचालन से निकलने वाले कचरे का नियमित और निर्धारित व्यवस्था के तहत निपटान स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

व्यवसायियों को नियमों के पालन के संबंध में भी स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई। निगम की टीम ने बताया कि बार-बार समझाइश के बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने, प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने अथवा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार चालानी एवं अन्य कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि व्यापारियों और नागरिकों को स्वच्छता की स्थायी व्यवस्था से जोड़ना भी है।

संजय मार्केट के व्यवसायियों ने भी सेवा ही संकल्प अभियान का समर्थन करते हुए मार्केट परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में निगम के साथ सहयोग करने की बात कही। व्यवसायियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों में डस्टबिन रखने तथा अन्य दुकानदारों और पसरा संचालकों को भी डस्टबिन के उपयोग के लिए प्रेरित करने की बात कही।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button