*दूध, पनीर और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर प्रशासन की नजर, जांच के लिए लिए गए नमूने**सारंगढ़ और बिलाईगढ़ क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की सघन जांच**बिलाईगढ़ में खाद्य पंजीयन शिविर में मिले 165 से अधिक आवेदन, किया गया निराकरण
*
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 01 अक्टूबर 2026। जिले में आम नागरिकों और स्कूली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में विभागीय टीम ने सारंगढ़ एवं बिलाईगढ़ क्षेत्र में दूध और दूध से बने खाद्य उत्पादों की सघन जांच की। इस दौरान विभिन्न स्थानों से दूध के नमूने लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
मध्यान्ह भोजन की भी जांच, प्रयोगशाला भेजे गए नमूने
स्कूली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मध्यान्ह भोजन की भी विभागीय अमले ने जांच की। भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिले में एनालॉग पनीर के उपयोग पर निगरानी रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। अलग-अलग स्थानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। विभाग द्वारा खाद्य कारोबारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री का ही विक्रय करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
*बिना पंजीयन खाद्य व्यवसाय नहीं करने की हिदायत*
जांच अभियान के साथ विभाग आम नागरिकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के प्रति जागरूक भी कर रहा है। नागरिकों से अपील की गई है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकिंग, निर्माण एवं उपयोग की अवधि सहित आवश्यक जानकारी देखकर ही उसका उपयोग एवं सेवन करें। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर किसी प्रकार की शिकायत होने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
खाद्य कारोबारियों को आवश्यक खाद्य पंजीयन के बिना व्यवसाय नहीं करने की हिदायत भी दी गई है। इसी उद्देश्य से बिलाईगढ़ तहसील में खाद्य पंजीयन शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 165 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए और उनका निराकरण किया गया। शिविर के माध्यम से खाद्य कारोबारियों को पंजीयन संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।
जांच एवं पंजीयन अभियान में अभिहित अधिकारी भारत भूषण पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री नेमीचंद पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन पटेल एवं वरुण पटेल तथा कम्प्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार साहू सहित विभागीय अमला शामिल रहा।

