8 एकड़ में गेंदा उगाकर लाखों कमा रहे लैलूंगा के किसान विद्याधर पटेल

रायगढ़। खेती में नई तकनीक और बाजार की मांग के अनुरूप बदलाव कर लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल ने गेंदा फूल की खेती को आमदनी का जरिया बनाया है। वर्ष 2007-08 से गेंदा उत्पादन कर रहे विद्याधर आज 7 से 8 एकड़ में इसकी खेती कर रहे हैं। उनके खेतों से छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ ओडिशा तक फूलों की आपूर्ति होती है। सीजन में प्रतिदिन 12 से 15 गाड़ियों से फूल भेजे जाते हैं।
विद्याधर पहले वर्ष 1994-95 से सब्जियों की खेती कर रहे थे। रायपुर और रायगढ़ की कृषि प्रदर्शनियों में गेंदा फूल की मांग और बिक्री देखकर उन्होंने इसकी व्यावसायिक खेती शुरू करने का निर्णय लिया। शुरुआती दिनों में खुले खेत में पौधे तैयार करने के दौरान बीज अंकुरण की समस्या आती थी, जिससे उत्पादन में देरी होती थी और दशहरा-दीपावली के सीजन में फूल बाजार तक नहीं पहुंच पाते थे। बाद में उन्होंने पॉलीबैग तकनीक अपनाई, जिससे पौधे तैयार करने और बिक्री के समय में बेहतर तालमेल बना और नुकसान की आशंका कम हुई।
विद्याधर के अनुसार, एक एकड़ में गेंदा फूल की बिक्री करीब पांच लाख रुपये तक होती है, जबकि लागत लगभग एक से डेढ़ लाख रुपये आती है। दशहरा से दीपावली तक फूलों की मांग सबसे अधिक रहती है। सिंचाई के लिए खेत में दो निजी बोरवेल, पाइपलाइन, ड्रिप और स्प्रिंकलर की व्यवस्था है।
उनके खेतों से सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ सहित ओडिशा के कई क्षेत्रों में फूल भेजे जाते हैं। छत्तीसगढ़ में रायगढ़, सारंगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर तक आपूर्ति होती है। इस काम में पत्नी और तीनों बेटियां सहयोग करती हैं। साथ ही गांव के 15 से 20 लोगों को नियमित रोजगार मिल रहा है।
गेंदा फूल के अलावा विद्याधर 4 से 5 एकड़ में भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी जैसी मौसमी सब्जियां भी उगाते हैं। वे अपनी बाड़ी में पारंपरिक छत्तीस भाजी का उत्पादन भी करते हैं। इस तरह फूलों और सब्जियों की खेती के जरिए उन्होंने आय के अलग-अलग स्रोत विकसित किए हैं।
