Raigarh News

शासकीय भूमि फर्जीवाड़े में विक्रेता गिरफ्तार, कापू पुलिस की कार्रवाई जारी

रायगढ़। ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए निजी नाम पर दर्ज कराकर बेचने के मामले में कापू पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पुलिस ने भूमि विक्रेता उजीतराम (52), निवासी रायमेर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले मामले में तत्कालीन पटवारी और एक अनुप्रमाणक साक्षी की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को तहसीलदार कापू उन्मेश पटेल की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज किया गया था। शिकायत में ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के विभिन्न खसरा नंबरों में कथित कूटरचना, खसरा बंटाकन और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर बाहरी व्यक्तियों के नाम फर्जी पट्टे तैयार करने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद दलालों के माध्यम से जमीन की रजिस्ट्री कराए जाने की बात भी सामने आई।

जांच में तत्कालीन पटवारी राकेश साय की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसे 2 सितंबर 2026 को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर जब्त किए गए थे। इसके बाद मामले के आरोपी अगस्तुस खलखो को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने रजिस्ट्री दस्तावेजों में अनुप्रमाणक साक्षी के रूप में हस्ताक्षर करने की बात स्वीकार की थी। उसके मेमोरेंडम के आधार पर कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी से बातचीत में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर को सूचना मिलने पर टीम ने उजीतराम को उसके गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि उसने शासकीय भूमि की बिक्री के लिए मुक्तारनामा कैलाश जेठवानी को दिया था, जिसके माध्यम से जमीन की बिक्री कराई गई। अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मामले में तत्कालीन पटवारी राकेश साय, कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी, उजीतराम, अगस्तुस खलखो और लालबहादुर यादव के विरुद्ध अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धाराओं 420, 467, 468, 471 और 120(बी) में मामला दर्ज है। पुलिस शेष फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button