Raigarh News

पुसौर की 86 प्राथमिक शालाओं के शिक्षकों ने लिया अंग्रेजी अध्यापन का प्रशिक्षण

रायगढ़। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता (एफएलएन) के लक्ष्यों को पूरा करने और प्राथमिक स्तर पर बच्चों में अंग्रेजी भाषा की समझ विकसित करने के लिए गढ़उमरिया में दो दिवसीय क्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित किया गया। 20 और 21 नवंबर को अजीम प्रेमजी स्कूल के प्रशिक्षण हॉल में हुए इस आयोजन में पुसौर विकासखंड की 86 प्राथमिक शालाओं के शिक्षकों ने भाग लिया।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल की पहल और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित प्रशिक्षण का उद्देश्य अंग्रेजी शिक्षण को सरल, रोचक और प्रभावी बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बच्चों में अंग्रेजी सुनने, बोलने, पढ़ने और समझने के कौशल विकसित करने के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण की जानकारी दी गई।

सत्रों में खेल-खेल में सीखने, चित्रों, कहानियों, कविताओं, संवाद और दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से अंग्रेजी पढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही बच्चों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने, उनके सीखने के स्तर का आकलन करने और कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग देने के तरीकों पर व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

प्रशिक्षण में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनीष सिन्हा, उत्तर सिदार और रुद्र प्रताप एक्का उपस्थित रहे। मास्टर ट्रेनर कमलेश जायसवाल, भागीरथी प्रधान, मुरली गुप्ता और गुरुदेव गुप्ता ने प्रशिक्षण गतिविधियों में सहयोग किया। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से पंकज कुमार, शेखर और त्रिशानि भी मौजूद रहे।

आयोजकों के अनुसार, इस प्रशिक्षण से शिक्षकों की विषयगत और शैक्षणिक दक्षताओं को मजबूत करने का प्रयास किया गया है, ताकि वे विद्यालयों में इन विधियों का उपयोग कर प्राथमिक स्तर पर एफएलएन के लक्ष्यों की पूर्ति में योगदान दे सकें।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button