शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने का आरोप पर युवक गिरफ्तार

रायगढ़। शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, बाद में शादी से मुकरने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने खरसिया क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सागर पटैल उर्फ छोटू (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को 20 वर्षीय युवती ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि वह आरोपी को पहले से जानती थी। जुलाई 2024 में आरोपी ने उससे प्रेम और शादी की इच्छा जताई थी। शिकायत के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 की रात आरोपी उसके घर पहुंचा और शारीरिक संबंध बनाए। अगले दिन शादी करने की बात कहकर उसे ट्रेन से बिलासपुर ले गया, जहां एक मंदिर में मांग में सिंदूर भरकर शादी होने की बात कही। इसके बाद युवती आरोपी के घर रहने लगी।
युवती के परिजनों को जानकारी मिलने पर उन्होंने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने के लिए आरोपी से बातचीत की, लेकिन वह टालमटोल करता रहा। बाद में आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और दबाव बनाने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। युवती की शिकायत पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत बीएनएस की धारा 69 और 351(3) में मामला दर्ज किया गया।
मामला दर्ज होने के बाद महिला थाना की टीम ने खरसिया क्षेत्र में आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई। एसएसपी ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में पुलिस संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई कर रही है।
