Raigarh News

संविधान रक्षा मार्च में रायगढ़ ग्रामीण के कांग्रेसजन होंगे शामिल

रायगढ़। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय संविधान रक्षा मार्च में जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण के कांग्रेसजन बड़ी संख्या में शामिल होंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने संगठनात्मक निर्देश जारी किए हैं।

जारी निर्देश के अनुसार, समस्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों, मंडल एवं ग्राम कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों को मार्च में सक्रिय एवं अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 26 नवंबर को सुबह 11 बजे रायपुर के ऐतिहासिक गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।

यह आयोजन कांग्रेस के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के अंतर्गत संविधान, लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ किया जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों के मंडल एवं ग्राम कांग्रेस अध्यक्षों, बूथ और सेक्टर स्तर के पदाधिकारियों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क करने की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें अधिक से अधिक कांग्रेसजनों की रायपुर में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा, सभी ब्लॉक अध्यक्षों और जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रों से रायपुर पहुंचने वाले कांग्रेसजनों की संख्या तथा आवश्यक समन्वय की जानकारी समय पर जिला कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध कराने को कहा गया है।

जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण के प्रभारी महामंत्री संगठन (प्र.) दीपक मंडल ने कहा कि संविधान दिवस पर आयोजित यह मार्च संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने जिले के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक निर्देशों का पालन करते हुए अधिकाधिक संख्या में रायपुर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button