Raigarh News

प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही अब स्वयं कर सकेंगे अपने आवास की जियो-टैगिंग

 

प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही अब स्वयं कर सकेंगे अपने आवास की जियो-टैगिंग

*भारत सरकार ने आवास प्लस मोबाइल ऐप में उपलब्ध कराई सेल्फ जियो-टैगिंग की सुविधा*

*कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में हितग्राहियों को मिलेगा प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही अब स्वयं अपने निर्माणाधीन आवास की प्रगति का जियो-टैग कर सकेंगे। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आवास प्लस मोबाइल ऐप में ‘हितग्राही लॉगिन’ की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से हितग्राही अपने आवास निर्माण की विभिन्न निर्धारित अवस्थाओं की फोटो सहित सेल्फ जियो-टैगिंग कर सकेंगे तथा नियमानुसार आगामी किस्त की मांग के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। राज्य शासन के निर्देशानुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी के निर्देशन में इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार और हितग्राहियों को तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पीएम-जनमन एवं विशेष परियोजनाओं के अंतर्गत आवास हितग्राहियों के लिए यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे हितग्राहियों को अपने आवास निर्माण की प्रगति दर्ज कराने के लिए मैदानी अमले पर निर्भरता कम होगी। साथ ही जियो-टैगिंग में होने वाले अनावश्यक विलंब और इससे संबंधित शिकायतों में कमी आने की संभावना है।

**ग्राम स्तर पर हितग्राहियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण**

संचालनालय प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, नवा रायपुर द्वारा 21 नवंबर 2026 को जारी निर्देशों के परिपालन में जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी ने सभी जनपद पंचायतों के संबंधित अधिकारियों, तकनीकी अमले एवं ग्राम रोजगार सहायकों को हितग्राहियों के उन्मुखीकरण और प्रशिक्षण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्राम स्तर तक सेल्फ जियो-टैगिंग सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा मोबाइल ऐप के उपयोग में हितग्राहियों को आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी आवास हितग्राहियों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। हितग्राही मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने आवास निर्माण की प्रगति स्वयं दर्ज कर सकेंगे। किसी प्रकार की तकनीकी समस्या होने पर संबंधित ग्राम रोजगार सहायक अथवा जनपद पंचायत से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button