रायगढ़। महाराजा अग्रसेन जयंती के आयोजनों का बुधवार को नटवर स्कूल मैदान में भव्य आगाज हुआ। इस दौरान वैवाहिक जीवन के 50 वर्ष पूरे करने वाले 34 अग्र दंपतियों का गोल्डन जुबली सम्मान किया गया। पांच दशक साथ निभाने वाले दंपतियों के सम्मान समारोह में कई मौके भावुक करने वाले रहे।
कार्यक्रम में गोल्डन जुबली दंपतियों का ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे के साथ स्वागत किया गया। मंच पर पहुंचने के बाद दंपतियों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और केक काटा। आयोजन समिति की ओर से सभी दंपतियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके परिवारजन और अग्र समाज के लोग भी मौजूद रहे।
50 वर्षों के वैवाहिक सफर का जश्न मनाते हुए कई दंपतियों की आंखें खुशी और पुरानी यादों से नम नजर आईं। मंच पर पति-पत्नी के एक-दूसरे को वरमाला पहनाने के दौरान मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में लाइफ आर्केस्ट्रा की प्रस्तुतियों ने माहौल को और जीवंत कर दिया। संगीत की धुन पर समाज के लोग झूमते और नाचते नजर आए। नटवर स्कूल मैदान में बड़ी संख्या में अग्र समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
अग्रसेन प्रीमियर लीग का भी शुभारंभ
गोल्डन जुबली सम्मान समारोह के साथ ही महाराजा अग्रसेन प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता को लेकर युवाओं और खेलप्रेमियों में उत्साह देखने को मिला। आयोजन में सामाजिक सम्मान, संगीत और खेल गतिविधियों का संयोजन नजर आया।
आयोजन समिति के प्रवक्ता प्रकाश निगानिया ने बताया कि महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गोल्डन जुबली समारोह के माध्यम से उन दंपतियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने पांच दशकों तक साथ रहते हुए परिवार और समाज में योगदान दिया।
गोल्डन जुबली सम्मान पाने वालों में कुसुम एवं मुरलीधर अग्रवाल, कुसुम एवं राजकुमार अग्रवाल, गंगा एवं सुरेश मित्तल, कृष्णा देवी एवं घासीराम अग्रवाल, शकुंतला एवं मोहनलाल अग्रवाल, उषा एवं विजय कुमार अग्रवाल, सरोज एवं पुरुषोत्तम दास अग्रवाल, शारदा देवी एवं कामता प्रसाद अग्रवाल, द्रोपदी एवं संतोष अग्रवाल, सुशीला एवं अजय अग्रवाल सहित कुल 34 दंपति शामिल रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री अग्रसेन सेवा संघ एवं अग्रसेन जयंती आयोजन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। आयोजन समिति से जुड़े बजरंग अग्रवाल, मुकेश मित्तल कलानोरिया, प्रदीप गर्ग, अनूप बंसल, सचिन बंसल, रवि अग्रवाल, संजय अग्रवाल, रमेश छापरिया, राजेश बेरीवाल, अशोक अग्रवाल, कमलेश रतेरिया, मनीष पालीवाल, प्रकाश निगानिया, मनोज मित्तल सहित आशा अग्रवाल, कविता बेरीवाल, लता अग्रवाल और शालू गोयल समेत बड़ी संख्या में सदस्य आयोजन में जुटे रहे।

