रायगढ़। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान आकलन परीक्षा का आयोजन 27 सितंबर को जिलेभर में किया गया। जिले के विभिन्न विकासखंडों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में शिक्षार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया।
राज्य स्तर से रायगढ़ जिले के लिए 2500 शिक्षार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके विरुद्ध 3244 शिक्षार्थियों ने आकलन परीक्षा में सहभागिता की। इस तरह निर्धारित लक्ष्य से 744 अधिक शिक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शिक्षार्थियों की सुविधा के अनुसार विभिन्न स्थानों पर परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत बुनियादी पढ़ने-लिखने और संख्या ज्ञान का आकलन कराया।
जिला जेल में भी आकलन परीक्षा के लिए केंद्र बनाया गया था। यहां कुल 40 शिक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 14 शिक्षार्थी जेल से रिहा होने के कारण परीक्षा में शामिल नहीं हो सके, जबकि 26 शिक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
आकलन परीक्षा के माध्यम से नवसाक्षरों के बुनियादी पढ़ने, लिखने और संख्या ज्ञान का मूल्यांकन किया गया। जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा रायगढ़ जिले को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के उद्देश्य से जनजागरूकता और वातावरण निर्माण से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।

