Raigarh News

रामसिंह के समर्थन में सर्व हिंदू समाज की बाइक रैली, जांच और कार्रवाई की मांग

रायगढ़। बिलासपुर के खपरगंज क्षेत्र में हुई हिंसक झड़प के मामले में आरोपी रामसिंह के समर्थन में रायगढ़ के सर्व हिंदू समाज ने मंगलवार को बाइक रैली निकाली और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। समाज की ओर से राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और रामसिंह के साथ न्याय की मांग की गई।

प्रदर्शनकारी सुबह करीब 11 बजे गांधी प्रतिमा के पास एकत्र हुए। इसके बाद बाइक रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रामसिंह के समर्थन और हिंदुओं पर अत्याचार बंद करने की मांग को लेकर नारे लगाए।

बिलासपुर पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त की रात सिटी कोतवाली क्षेत्र के खपरगंज में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद पथराव और हिंसा हुई थी। घटना के दौरान पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग और आंसू गैस का इस्तेमाल किया था। प्रशासन ने इसके बाद क्षेत्र में BNSS की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किया था।

पुलिस के मुताबिक इस मामले में दोनों पक्षों के आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं। रामसिंह को पुलिस ने मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार किया था। उसे बिलासपुर लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद जेल भेज दिया गया।

ज्ञापन में सर्व हिंदू समाज की ओर से आरोप लगाया गया कि रामसिंह का हिंसा से संबंध नहीं था और उसके खिलाफ की गई कार्रवाई की जांच होनी चाहिए। समाज ने पूरे घटनाक्रम की जांच कर वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा रामसिंह के मामले में न्याय की मांग की है।

बिलासपुर की घटना में पुलिस ने दोनों पक्षों से आरोपियों की गिरफ्तारी की है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार मामले में अब तक करीब 30 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button