ट्रांसपोर्ट नगर में बेकाबू ट्रेलर दुकान में घुसा, कार भी टक्कर से बची

रायगढ़ के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। हादसे के दौरान आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। ट्रेलर की रफ्तार इतनी तेज थी कि रास्ते में चल रही एक कार भी उसकी चपेट में आने से बच गई। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, अचानक हुए हादसे से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार सुबह ट्रेलर तेज रफ्तार से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वहीं, सड़क से गुजर रही एक कार भी ट्रेलर की चपेट में आने से बाल-बाल बची। यदि कार ट्रेलर की चपेट में आ जाती, तो हादसा और गंभीर हो सकता था।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रेलर की लापरवाही से आक्रोशित लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर के व्यस्त इलाकों में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ट्रांसपोर्ट नगर में सुबह के समय सड़क पर लोगों और वाहनों की आवाजाही के बीच इस तरह ट्रेलर का अनियंत्रित होना गंभीर हादसे का कारण बन सकता था। गनीमत रही कि दुकान के आसपास मौजूद लोगों और कार सवारों की जान बच गई।
