Raigarh News

विकसित भारत युवा संसद में रायगढ़ की सिमरन साहू प्रथम, संतोषी चौहान द्वितीय और आकृति गुप्ता तृतीय; तीनों राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगी जिले का प्रतिनिधित्व

रायगढ़। जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, धनुहारडेरा में 21 नवंबर को जिला स्तरीय ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट-2027’ का आयोजन किया गया। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर आयोजित तीन मिनट की भाषण प्रतियोगिता में सिमरन साहू ने प्रथम, संतोषी चौहान ने द्वितीय और आकृति गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चयनित तीनों प्रतिभागी 4 और 5 दिसंबर को बिलासपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रायगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की स्वायत्त संस्था माई भारत के दिशा-निर्देशों तथा जिला युवा अधिकारी वसुंधरा साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से कुल 151 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया। कार्यक्रम जानकी कॉलेज के चेयरमैन शिरीष सारडा, डायरेक्टर तृप्ति अग्रवाल के संरक्षण और प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र में जिला पंचायत सदस्य भाग्यवती डोल नारायण नायक मुख्य अतिथि और रासेयो जिला संगठक डॉ. संतोष कुमार नायक विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। निर्णायक मंडल में डॉ. रवींद्र चौबे, डॉ. शारदा घोघरे, चित्रकार मनोज श्रीवास्तव, भोजराम पटेल और डॉ. प्रमोद कुमार साहू शामिल थे।

प्रतिभागियों ने अपने भाषणों में नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों को सामने रखते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल मुख्य अतिथि और रविन्द्र गबेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किए गए। अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र दिए गए। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

प्राचार्य डॉ. गजेंद्र चक्रधारी ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सिमरन साहू ग्राम पंचायत बनई, विकासखंड तमनार की निवासी हैं। द्वितीय स्थान पर रहीं संतोषी चौहान संत गहिरा गुरु रामेश्वरम शासकीय महाविद्यालय, लैलूंगा की छात्रा हैं, जबकि तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली आकृति गुप्ता जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन की छात्रा हैं। तीनों चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button