Raigarh News

शौचालय, पेयजल और मुफ्त एयर सुविधा में लापरवाही, रायगढ़ के 8 पेट्रोल पंप सील

रायगढ़ जिले में पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान शौचालय, स्वच्छ पेयजल और वाहनों में निःशुल्क हवा भरने जैसी अनिवार्य सुविधाओं में कमी पाए जाने पर जिले के 8 पेट्रोल पंपों का विक्रय आगामी आदेश तक बंद कर उन्हें सील कर दिया गया है। 25 नवंबर को राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया था। इस दौरान निर्धारित मानकों और नागरिक सुविधाओं में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

प्रशासन ने यह कदम मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (प्रदाय तथा वितरण विनियमन और अनाचार निवारण) आदेश, 2005 तथा एलओआई की शर्तों के उल्लंघन के आधार पर उठाया है। कार्रवाई के दायरे में अंगुरी पेट्रोलियम, श्री हरि पेट्रोलियम, श्री बजरंग फ्यूल्स, राधाकिशन फ्यूल्स (अंजोरीपाली, खरसिया), नरेंद्र केएसके (राजपुर), एमएस हेमकुंड फ्यूल्स (कुरमापाली, रायगढ़), मेसर्स रायगढ़ सिटी फ्यूल्स (जूटमिल) और बाबा फिलिंग स्टेशन (धरमजयगढ़) शामिल हैं।

गौरतलब है कि प्रशासन ने जिले के सभी पेट्रोल-डीजल पंपों में नागरिक सुविधाओं का स्तर बेहतर बनाने के निर्देश दिए थे। इनमें महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग स्वच्छ शौचालय, नियमित साफ-सफाई, बेहतर सैनिटेशन और हाइजीन व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ एयरपोर्ट स्तर की स्वच्छता विकसित करने पर जोर दिया गया था। इसके बावजूद निरीक्षण में कई पंपों पर बुनियादी सुविधाओं की कमी मिलने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई।

प्रशासन ने तेल कंपनियों और पेट्रोल पंप संचालकों को सभी पंपों पर स्वच्छ पेयजल, निःशुल्क एयर सुविधा, प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड बॉक्स, शिकायत एवं सुझाव पेटी तथा फोन और आपातकालीन संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सड़क से लगे पेट्रोल पंपों के एप्रोच एरिया में भी जरूरी सुधार करने को कहा गया है। निर्देशों के अनुसार ए-साइट पंपों में संबंधित तेल कंपनियों और बी-साइट पंपों में डीलर एवं संचालकों को शौचालय सहित अन्य नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करनी होंगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल पंपों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button