126% उत्पादन लक्ष्य हासिल कर सुनील अग्रवाल बने कोल इंडिया के बेस्ट कॉन्ट्रैक्टर

रायगढ़। तेज बारिश, डीजल की कमी और कोयला उत्खनन के कड़े तकनीकी मापदंडों जैसी चुनौतियों के बीच निर्धारित लक्ष्य का 126 प्रतिशत उत्पादन हासिल करने पर रायगढ़ के सुनील अग्रवाल लेंध्रा को सम्मानित किया गया है। एसईसीएल बिलासपुर में आयोजित समारोह में सीएमडी हरीश दुहान और विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें कोल इंडिया के सर्वाधिक उत्पादन के लिए बेस्ट कॉन्ट्रैक्टर अवॉर्ड प्रदान किया गया।
एसईसीएल रायगढ़ के छाल क्षेत्र में सुनील अग्रवाल की कंपनी कोयला उत्खनन का कार्य करती है। निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए लक्ष्य से अधिक उत्पादन हासिल करने पर उन्हें यह सम्मान मिला। समारोह में सुनील अग्रवाल के साथ उनके बेटे वैभव अग्रवाल और सरस गोयल को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कोयला उत्खनन के दौरान कठिन परिस्थितियों के बीच उत्पादन लक्ष्य हासिल करने में सुनील अग्रवाल की टीम के प्रबंधन, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों की भूमिका रही। उन्होंने उपलब्धि का श्रेय एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहान के मार्गदर्शन और पूरी टीम के सहयोग को दिया। साथ ही एसईसीएल रायगढ़ के जीएम मनोज कुमार, छाल सब एरिया मैनेजर सुरेंद्र नाथ, कॉलरी मैनेजर सोमरा सहित सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान कोयला उत्खनन और डिस्पैच को लेकर एसईसीएल सीएमडी हरीश दुहान की कार्यशैली की सराहना की थी। वर्ष 2025 में कार्यभार संभालने के बाद उनके नेतृत्व में उत्पादन से लेकर डिस्पैच तक अनुशासन, पारदर्शिता और टीमवर्क को प्राथमिकता दिए जाने की बात भी विज्ञप्ति में कही गई है। इसी प्रबंधन के परिणामस्वरूप बिलासपुर क्षेत्र को कोल इंडिया में लार्जेस्ट प्रोडक्शन का सम्मान मिलने का उल्लेख किया गया है।
रायगढ़ की सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सुनील अग्रवाल को इससे पहले भी बेस्ट कॉन्ट्रैक्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी इस उपलब्धि को कठिन परिस्थितियों में निर्धारित लक्ष्य से अधिक उत्पादन और सुरक्षित एवं अनुशासित खनन कार्य के लिए मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
