Raigarh News

शासकीय लोचन प्रसाद पांडेय महाविद्यालय सारंगढ़  में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस

शासकीय लोचन प्रसाद पांडेय महाविद्यालय सारंगढ़  में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस
 सारंगढ़। शासकीय लोचन प्रसाद पांडेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सारंगढ़ में 26 नवंबर को संविधान दिवस बड़े हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के वाचन एवं संविधान के प्रति निष्ठा और सम्मान की शपथ के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया को जीवंत रूप में प्रस्तुत करते हुए संविधान सभा के प्रमुख सदस्यों पर आधारित आकर्षक भूमिका-अभिनय (Role Play) प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर, पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सरोजिनी नायडू, हंसा मेहता, दुर्गाबाई देशमुख, दाक्षायणी वेलायुधन, राजकुमारी अमृत कौर, सुचेता कृपलानी सहित संविधान सभा के अन्य महत्वपूर्ण सदस्यों की भूमिका निभाई। उनके संवादों एवं प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से संविधान निर्माण में विभिन्न सदस्यों के योगदान, महिलाओं की भागीदारी, समानता, स्वतंत्रता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रस्तुत किया गया।कार्यक्रम का एक अन्य प्रमुख आकर्षण अंतरसमूह संविधान प्रश्नमंच प्रतियोगिता रही। इसमें विद्यार्थियों की दस टीमों ने पाँच विभिन्न चरणों में भाग लिया। प्रतियोगिता में संविधान, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, राज्य के नीति निदेशक तत्व, संसद, पंचायती राज व्यवस्था तथा संविधान सभा से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा, विषयगत ज्ञान एवं त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रश्नमंच के माध्यम से विद्यार्थियों में संवैधानिक ज्ञान के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहन मिला।इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. रश्मि मौर्य ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों, सामाजिक न्याय एवं राष्ट्रीय एकता का आधार है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल. एस. पटेल ने विद्यार्थियों की सहभागिता एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर देश की संवैधानिक परंपराओं, लोकतांत्रिक संस्थाओं एवं नागरिक जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।कार्यक्रम में  यू. आर. पटेल, श्री एस. सी. नेताम, श्री प्रसन्न शर्मा,  डी. पी. एस. पैकरा,  शिवलाल धिरहे एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री हरीश खटकर द्वारा किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, लोकतांत्रिक सहभागिता, राष्ट्रीय एकता एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना रहा।
EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button