CG News: मां और दो मासूम बच्चों की जहर सेवन से मौत !सुकली (गिरौदपुरी) में दर्दनाक घटना

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से इलाके में पसरा मातम
सुकली। गिरौदपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम सुकली से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक मां और उसके दो मासूम पुत्रों की जहर सेवन करने से मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की असमय मौत की खबर फैलते ही गांव समेत आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और ग्रामीण स्तब्ध हैं।

मृतकों की पहचान श्रीमती युक्ति पति संजय दास मानिकपुरी, उम्र 25 वर्ष, पुत्र चिंटू (उम्र 7 वर्ष) और पिंटू (उम्र 4 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गिरौदपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।
जांच के बाद खुलेंगे कारणों के राज
यह दुखद घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इस बारे में फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस द्वारा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद से सुकली गांव में मातम पसरा हुआ है।
