केशरवानी समाज द्वारा कश्यप जयंती का भव्य आयोजन संपन्न भव्य शोभायात्रा का भाजपा एवं अग्रवाल समाज ने किया स्वागत, समाज के अध्यक्ष निखिल बानी का शाल-श्रीफल से सम्मान

केशरवानी समाज द्वारा कश्यप जयंती का भव्य आयोजन संपन्न
भव्य शोभायात्रा का भाजपा एवं अग्रवाल समाज ने किया स्वागत, समाज के अध्यक्ष निखिल बानी का शाल-श्रीफल से सम्मान
सारंगढ़। केशरवानी समाज सारंगढ़ द्वारा आराध्य महर्षि कश्यप मुनि महाराज की जयंती के अवसर पर चार दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में समाज के महिला, पुरुष, युवा एवं वरिष्ठजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे कार्यक्रम में सामाजिक एकता, उत्साह और आपसी भाईचारे की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के अंतर्गत 17 नवंबर को केशरवानी भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं महिला संगीत का आयोजन किया गया, जिसमें समाज की महिलाओं एवं बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
वहीं 18 नवंबर को कश्यप जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के लिए विशेष रूप से बाहर से ढोल-ताशा दल बुलाया गया था। साथ ही डीजे की आकर्षक व्यवस्था भी की गई थी। ढोल-ताशों की गूंज और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच शोभायात्रा केशरवानी भवन से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः केशरवानी भवन पहुंची।
शोभायात्रा के दौरान भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा समाज की शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया तथा उपस्थित समाजजनों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। इसी क्रम में अग्रवाल समाज द्वारा भी शोभायात्रा का भव्य स्वागत कर सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे का परिचय दिया गया।
इस अवसर पर केशरवानी समाज के अध्यक्ष निखिल बानी का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा किए गए स्वागत एवं सम्मान से समाज के लोगों में हर्ष का माहौल रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण किया गया। इसके पश्चात समाज के अध्यक्ष निखिल बानी ने अपने उद्बोधन में कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले राष्ट्रीय पदाधिकारी ,प्रदेश पदाधिकारियों, नगर के सभी पदाधिकारियों, संरक्षकों एवं समाज के प्रत्येक सदस्य के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से महिला मंडल द्वारा किए गए सराहनीय सहयोग एवं महिला संगीत के सफल आयोजन के लिए सभी महिलाओं का अभिनंदन एवं तरूण समिति को भी धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोगों के सामूहिक प्रयास, सहयोग और समर्पण से ही इतना भव्य एवं सफल आयोजन संभव हो पाया है। साथ ही शोभायात्रा के स्वागत एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था करने वाले भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं अग्रवाल समाज के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया।
अंत में केशरवानी समाज सारंगढ़ की ओर से कार्यक्रम में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी स्वजातीय बंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया गया।
समाज की एकजुटता, सामाजिक संगठनों के सहयोग और सभी के सामूहिक प्रयासों से महर्षि कश्यप मुनि महाराज की जयंती का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
