केलो विहार में देह व्यापार का आरोप, मकान संचालक गोविंद साहू गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में अवैध और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने केलो विहार में अनैतिक देह व्यापार का मामला पकड़ा है। पुलिस ने किराये के मकान में देह व्यापार संचालित करने के आरोप में 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर लेकर युवती के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रहा है। सूचना के आधार पर सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर थाना पुलिस की टीम गठित की गई।
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से मकान की घेराबंदी की और एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर अंदर भेजा। निर्धारित संकेत मिलने के बाद पुलिस टीम ने मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां गोविंद साहू मिला। एक कमरे में एक युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद हुईं।
पुलिस के मुताबिक, युवती से पूछताछ में आरोपी द्वारा रुपये देकर उसे अनैतिक कार्य के लिए लाने की बात सामने आई। वहीं, पूछताछ में आरोपी ने पैसों की आवश्यकता के चलते इस गतिविधि में शामिल होना बताया। पुलिस ने ग्राहकों से प्राप्त 2 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में थाना चक्रधरनगर में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक गेंदलाल, उपनिरीक्षक संजय नाग, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष चंद्राकर, मनीषा ध्रुवे, सहायक उपनिरीक्षक भागीरथी चौधरी, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे और महिला आरक्षक जेनिपा पन्ना एवं प्रीति यादव की भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही। साथ ही नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
