Raigarh News

सड़क हादसे में सतीश सतपथी का निधन, सोड़ेकेला में हुआ अंतिम संस्कार

रायगढ़। पुसौर विकासखंड के ग्राम सोड़ेकेला निवासी सतीश सतपथी का सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया। वर्तमान में वे रायगढ़ के चांदमारी क्षेत्र में रह रहे थे। उनके निधन की खबर से चांदमारी और उनके गृहग्राम सोड़ेकेला में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतीश सतपथी शाम के समय पैदल ही अपने घर से निकले थे। घर से कुछ दूरी पर ही वे सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए, जिसमें उनकी मृत्यु हो गई। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही परिजनों, परिचितों और क्षेत्रवासियों में शोक व्याप्त हो गया।

मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार उनके जन्मस्थान ग्राम सोड़ेकेला में किया गया। अंतिम संस्कार में गृहग्राम के लोगों के साथ पुसौर अंचल और रायगढ़ क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके ज्येष्ठ पुत्र गितेश सतपथी (गोलू) ने मुखाग्नि दी।

सतीश सतपथी अपने सरल स्वभाव, हंसमुख व्यक्तित्व और मिलनसार व्यवहार के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों को गहरा आघात पहुंचा है। वे अपने पीछे धर्मपत्नी, दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके आकस्मिक निधन पर क्षेत्र के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button