Raigarh News

रायगढ़ में तीन प्रमुख नालों का निर्माण 20 दिनों में होगा पूरा, जलभराव से मिलेगी राहत

रायगढ़। शहर में बारिश के पानी की निकासी और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए तीन प्रमुख नाली निर्माण कार्यों को आगामी 20 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गुरुवार को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने नगर निगम क्षेत्र में चल रहे सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और अभियंताओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी के निर्देशन में शहर की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ये निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले नगर निगम कार्यालय और अस्पताल के बीच से गुजरने वाले मार्ग का जायजा लिया। कलेक्टर ने यहां तत्काल 6 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण शुरू कर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिल सके।

इसके बाद गद्दी चौक से नगर निगम कार्यालय होते हुए अग्रसेन चौक तक बाईं ओर प्रस्तावित नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि नाली निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही काम में तेजी लाने को कहा गया।

कलेक्टर और निगम आयुक्त ने पुराने आरपीएफ पोस्ट से शनि मंदिर मोड़ तक निर्माणाधीन नाली का भी जायजा लिया। इस नाली के निर्माण से संबंधित सड़क की चौड़ाई में लगभग 2 मीटर की वृद्धि होगी, जिससे आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने तीनों प्रमुख नाली निर्माण कार्यों को आगामी 20 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इन नालियों के माध्यम से शहर के लगभग 30 प्रतिशत हिस्से का वर्षा जल निकास होता है। निर्माण पूरा होने के बाद बारिश के पानी की निकासी अधिक व्यवस्थित और सुगम हो सकेगी। साथ ही इन कार्यों के पूर्ण होने से ड्रेन-टू-ड्रेन बीटी सड़क निर्माण का रास्ता भी साफ होगा, जिससे शहर की सड़क और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया, उप अभियंता सौरभ आलोक साहू, मुन्ना ओझा सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button