भारतमाला से जशपुर सीधे रायपुर से जुड़ेगा, विकास को मिलेगी रफ्तार-ओपी चौधरी

रायगढ़। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने कहा कि जशपुर जिले में सड़क, पुल सहित विकास से जुड़े निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। रेलवे लाइन, भारतमाला परियोजना, मेडिकल कॉलेज और नालंदा परिसर जैसी योजनाओं से जिले में विकास की नई संभावनाएं बन रही हैं। उन्होंने कहा कि जशपुर आज छत्तीसगढ़ में तेजी से आगे बढ़ता हुआ जिला बन रहा है।
जशपुर प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से जशपुर क्षेत्र में रेलवे लाइन बिछने जा रही है। भारतमाला परियोजना के माध्यम से जशपुर की राजधानी रायपुर से सीधी कनेक्टिविटी होगी। उन्होंने कहा कि पहले जशपुर से रायपुर का सफर लंबा और थकाऊ होता था, लेकिन नई सड़क कनेक्टिविटी से यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।
उन्होंने बताया कि इस कनेक्टिविटी का लाभ शिक्षा, चिकित्सा और व्यापार के क्षेत्र में मिलेगा। जशपुर के विद्यार्थियों को रायपुर के बड़े कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आने-जाने में सुविधा होगी। वहीं गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर रायपुर के बड़े अस्पतालों तक पहुंचाना आसान होगा। व्यापारियों को भी राजधानी के बाजारों तक सीधी पहुंच मिलेगी, जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार को गति मिल सकती है।
कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज के निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासी बहुल इलाके में बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह बड़ी पहल है। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज जैसी सुविधाएं पहले क्षेत्र के लोगों के लिए सपना थीं, लेकिन अब विकास कार्यों के माध्यम से इन्हें साकार किया जा रहा है।
ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत दूरस्थ और पिछड़े गांवों तक सड़क सुविधा पहुंचाई जा रही है। इन क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास भी किया जा रहा है। इसके साथ ही पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर संयंत्र लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। ये सुविधाएं जनता का अधिकार हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। श्री चौधरी ने जशपुर जिले में हो रहे विकास कार्यों के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
