Raigarh News

तमनार के ढाबों में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच, संचालकों को दिए सख्त निर्देश

रायगढ़। जिले के तमनार क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न ढाबों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था की जांच की। इस दौरान अलग-अलग प्रतिष्ठानों में तैयार खाद्य सामग्री के नमूने लेकर परीक्षण के लिए चिन्हित किए गए। विभागीय टीम ने ढाबा संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

जांच के दौरान तराईमाल स्थित सियाराम ढाबा में पके हुए चावल और आलू-परवल मिक्स सब्जी की जांच की गई। वहीं, पूंजीपथरा स्थित पंजाब ढाबा में पनीर और आलू भुजिया सब्जी का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा पूंजीपथरा के दावत ढाबा और बंजारी स्थित बंजारी होटल का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने ढाबा संचालकों को प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई रखने, उपयोग किए जाने वाले पानी की गुणवत्ता की जांच कराने और खाद्य सामग्री तैयार करने वाले कर्मचारियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रतिष्ठानों में नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने पर भी जोर दिया गया।

विभागीय टीम ने खाद्य पदार्थों में रंगों का सीमित उपयोग करने, भोजन परोसने या पैक करने के लिए अखबारी कागज का इस्तेमाल नहीं करने और एक ही खाद्य तेल का बार-बार उपयोग नहीं करने की हिदायत दी। संचालकों को खाद्य सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

विभाग का उद्देश्य आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। इसके लिए खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता की जांच के साथ संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button