Raigarh News

ढाबों में खाद्य विभाग की जांच, पनीर-चावल समेत कई सैंपल लैब भेजे

रायगढ़ में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से चलाए जा रहे ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत होटल और ढाबों में जांच की जा रही है। 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। इसी कड़ी में पुसौर रोड, कठली रोड और कोड़ातराई स्थित कई ढाबों में जांच कर खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए हैं।

मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पुसौर रोड स्थित धरणी ढाबा-फैमिली रेस्टोरेंट पहुंची। यहां पूरे प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। टीम ने आलू की सब्जी, मिक्स वेज, पनीर और पके हुए चावल के नमूने लिए। इसके बाद टीम कठली रोड स्थित रौनक फैमिली ढाबा पहुंची, जहां से पनीर का सैंपल लिया गया। वहीं, कोड़ातराई स्थित श्री साईं ढाबा और सिंह ढाबा में भी खाद्य सामग्री की जांच की गई।

जांच के दौरान कुछ ढाबों में साफ-सफाई की कमी पाई गई। ग्राहकों की सुविधा के लिए भी कुछ स्थानों पर बेहतर व्यवस्था नहीं थी। इस पर टीम ने संबंधित संचालकों को साफ-सफाई में सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिष्ठानों में नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने, खाद्य पदार्थों में रंगों का सीमित उपयोग करने और खाने-पीने की सामग्री को अखबार के कागज में नहीं रखने की हिदायत दी गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संचालकों को एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान संदेह के आधार पर लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत होटल, ढाबा, डेयरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना तथा खाद्य प्रतिष्ठानों में निर्धारित गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button