Raigarh News

रॉक गार्डन बोतल्दा की सुरक्षा व्यवस्था का SDOP ने लिया जायजा, वनकर्मियों को सख्त निर्देश

रायगढ़ जिले के रॉक गार्डन बोतल्दा में पर्यटकों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में 18 नवंबर को एसडीओपी खरसिया सतीश कुमार भार्गव ने थाना खरसिया, चौकी खरसिया और पुलिस लाइन के बल के साथ गार्डन परिसर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात वनकर्मियों को सतर्कता बरतने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान एसडीओपी भार्गव ने पुलिस बल और वनकर्मियों के साथ पूरे परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि गार्डन में आने वाले प्रत्येक आगंतुक का नाम और विवरण प्रवेश रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। किसी भी व्यक्ति को शराब या अन्य संदिग्ध एवं प्रतिबंधित सामग्री लेकर परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाए।

उन्होंने गार्डन के भीतर नियमित पेट्रोलिंग करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए। एसडीओपी ने कहा कि परिसर में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी कभी भी औचक निरीक्षण कर सकते हैं। इसलिए सभी कर्मचारी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करें। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारी को पत्राचार किया जाएगा।

एसडीओपी ने गार्डन के प्रवेश द्वार के बाहर संचालित दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को शराब या किसी भी प्रकार की नशीली सामग्री की बिक्री नहीं करने की हिदायत दी गई। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी गतिविधियां पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन का बल भी गार्डन में तैनात रहा और आने-जाने वाले आगंतुकों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य रॉक गार्डन में पर्यटकों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना तथा असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button