Raigarh News

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म और 93 हजार की ठगी का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ में शादी का प्रलोभन देकर युवती का शारीरिक शोषण करने और उससे करीब 93 हजार रुपये लेने के आरोप में महिला थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और आर्थिक जरूरत बताकर रकम ली। बाद में रुपये वापस मांगने पर शादी से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़िता मूलतः तमनार थाना क्षेत्र की रहने वाली है और रायगढ़ में किराये के मकान में रहकर काम करती है। उसने 16 नवंबर 2026 को महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि अक्टूबर महीने में पेट्रोल पंप पर उसकी मुलाकात मेहराब खान से हुई थी। मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि कुछ दिनों बाद युवक ने युवती को पसंद करने और उससे शादी करने का भरोसा दिलाया।

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2026 की रात आरोपी उसके किराये के मकान में पहुंचा और शादी का भरोसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद भी वह शादी का झांसा देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इसी दौरान अपनी आर्थिक जरूरत बताकर उसने युवती से करीब 93 हजार रुपये ले लिए। आरोप है कि 28 अक्टूबर को जब युवती ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया और शादी नहीं करने की बात कही। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 351(3) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस को पता चला कि वह जूटमिल थाना क्षेत्र के एक मारपीट के मामले में जेल में बंद है।

17 नवंबर की शाम मारपीट के मामले में जमानत पर जेल से रिहा होते ही महिला थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने जेलपारा में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान मेहराब खान उर्फ मेहराब हसन उर्फ मेहराब अंसारी (22), निवासी जूटमिल के सामने गली, रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे महिला थाना के प्रकरण में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक संदीप भगत और आरक्षक राजेश उरांव की भूमिका रही।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button