पटवारियों के समर्थन में घरघोड़ा में उतरे कर्मचारी-अधिकारी, 3% DA एरियर्स की मांग

छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर बुधवार को घरघोड़ा में कर्मचारी-अधिकारियों ने रैली निकालकर अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कर्मचारी भवन से तहसील कार्यालय तक निकाली गई रैली में बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए। तहसीलदार के माध्यम से सौंपे गए ज्ञापन में पटवारियों के खिलाफ की गई दंडात्मक कार्रवाई निरस्त करने और शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एरियर्स सहित देने की मांग की गई।
फेडरेशन के घरघोड़ा संयोजक संतोष कुमार पाण्डेय ने बताया कि संगठन की पहली प्रमुख मांग राजस्व पटवारियों के आंदोलन का सम्मानजनक समाधान निकालने और आंदोलन के दौरान की गई दंडात्मक कार्रवाइयों को निरस्त करने की है। ज्ञापन में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहा है। पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी अहम भूमिका रहती है।
फेडरेशन ने आरोप लगाया कि पटवारियों की मांगों का संवाद के माध्यम से समाधान निकालने के बजाय एसीबी की कार्रवाई सहित विभिन्न दंडात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। इससे कर्मचारियों में असंतोष है। संगठन ने मांग की है कि आंदोलन के दौरान पटवारियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई तत्काल निरस्त की जाए और उनकी मांगों का सम्मानजनक समाधान निकाला जाए।
दूसरी प्रमुख मांग प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत देने की है। ज्ञापन में कहा गया है कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ मिल रहा है, जबकि छत्तीसगढ़ के कर्मचारी अभी भी 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते से वंचित हैं। फेडरेशन ने इस राशि का भुगतान देय तिथि से एरियर्स सहित करने की मांग की है।
बुधवार शाम 4:30 बजे कर्मचारी भवन में एकत्रित होने के बाद कर्मचारी-अधिकारी रैली के रूप में तहसील कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। फेडरेशन ने शासन से दोनों मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों का निराकरण नहीं होने पर कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर आशीष शर्मा, रोहित डनसेना, अश्वनी दर्शन, विनोद मेहर, सर्वेश मरावी, ऋषि केश साहू, वरुण गुप्ता, सूरज पैंकरा, खेमसागर पैंकरा, संजय पंडा, विजय पंडा, हरिश्चंद्र बेहरा, सुरेंद्र होता, गौकरण वैष्णव, अजय कुमार, फागूलाल रात्रे, धर्मेंद्र साहू, श्वेता केशरवानी, संतोष चौहान, बाबूलाल धृतलहरे, गणेश्वर श्याम, विजया पंडा, जनक सुनहरे, संजीव राजहंस और कैलाश पटेल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित रहे।
