रायगढ़। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम पैदल जा रही महिला के गले से बाइक सवार दो युवकों ने करीब 10 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। वारदात के बाद आरोपी तहसील कार्यालय रोड की ओर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार छोटे अतरमुड़ा निवासी गीता पटेल अपनी परिचित महिला के साथ चंद्रनगर कॉलोनी से पैदल चक्रधरनगर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से काले रंग की पल्सर बाइक पर दो युवक पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने गीता पटेल के गले से मंगलसूत्र झपटा और दोनों आरोपी तेज रफ्तार में तहसील कार्यालय रोड की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए शहर में नाकेबंदी कराई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों संदिग्धों की तस्वीरें सामने आई हैं।
CCTV के अनुसार बाइक चला रहे युवक ने काली टी-शर्ट, जींस और हेलमेट पहना था, जबकि पीछे बैठे युवक ने आसमानी रंग की शर्ट, जींस और सिर पर गमछा बांध रखा था। पुलिस इन हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने CCTV से मिले संदिग्धों के फोटो विभिन्न WhatsApp ग्रुप में साझा किए हैं। साथ ही मुखबिर तंत्र के जरिए भी आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि संदिग्धों के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर चक्रधरनगर थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर 9479193210 या पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़ के नंबर 9479193299 पर सूचना दें। फिलहाल पुलिस की तलाश और जांच जारी है।

