मन की बात में छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान की सराहना

रायगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में कुपोषण के खिलाफ छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के इस अभियान को अपने संबोधन में रेखांकित किए जाने के बाद रायगढ़ में नगर निगम सभा कक्ष में जनप्रतिनिधियों और निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ का प्रसारण सुना।
सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्य, पार्षद तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना गया और छत्तीसगढ़ के मुनगा अभियान के उल्लेख को लेकर उपस्थित लोगों ने इसे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया।
प्रधानमंत्री ने कुपोषण मुक्त भारत की दिशा में देशभर में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान को विशेष रूप से रेखांकित किया। मुनगा पोषक तत्वों से भरपूर होने के कारण पोषण सुधार के लिए उपयोगी माना जाता है। प्रधानमंत्री ने पोषण ट्रैकर के माध्यम से तकनीक के उपयोग और देशभर में आंगनवाड़ी केंद्रों के जरिए पोषण संबंधी सेवाओं की निगरानी का भी उल्लेख किया।
‘मन की बात’ में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के संदेश पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में आंवला उत्पादन और उसके प्रसंस्करण से जुड़े किसानों तथा महिला स्व-सहायता समूहों का उल्लेख करते हुए स्थानीय उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने को स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ते हुए इसके लिए जनभागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ का भी उल्लेख किया। उन्होंने भारतीय सेना के साहस और पराक्रम को नमन करते हुए आतंकवाद के खिलाफ देश की नीति और विभिन्न अभियानों का उल्लेख किया। संबोधन में राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति भारत के संकल्प की बात भी कही गई।
कार्यक्रम में आगामी जनगणना और उसमें स्व-गणना की सुविधा का भी उल्लेख किया गया। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से स्व-गणना में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए सही और विश्वसनीय आंकड़ों को देश के विकास की बेहतर योजना के लिए महत्वपूर्ण बताया।
त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रधानमंत्री ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने का आह्वान किया। स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
रायगढ़ नगर निगम में आयोजित सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री के विभिन्न संदेशों को सुना। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख विशेष रूप से चर्चा में रहा। उपस्थित लोगों ने इसे पोषण संवर्धन और जनभागीदारी से जुड़े प्रयास के रूप में रेखांकित किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि गुरुपाल भल्ला, सुभाष पांडेय, एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल, पंकज कंकरवाल, अशोक यादव, पूनम सोलंकी, मुक्तिनाथ बाबुआ, त्रिवेणी डहरे, अमित शर्मा सहित पार्षद, एल्डरमैन और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
