spot_img

Latest Posts

पटवारियों की हड़ताल को ट्रेड यूनियन काउंसिल का समर्थन, सरकार से बातचीत की मांग

रायगढ़। छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल को ट्रेड यूनियन काउंसिल ने समर्थन दिया है। काउंसिल के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह के नेतृत्व में रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम स्थित हड़ताल स्थल पहुंचकर पटवारियों के प्रति एकजुटता जताई। इस दौरान सरकार की कथित दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी भी की गई।

ट्रेड यूनियन काउंसिल ने राजस्व पटवारी संघ की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से संगठन के प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ चर्चा करने और मांगों का निराकरण करने की अपील की। काउंसिल के नेताओं का कहना है कि आंदोलन के 22 दिन बीतने के बाद भी मांगों पर निर्णय लेने के बजाय पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

राजस्व पटवारी संघ 13 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। संघ की प्रमुख मांगों में पीवी ऐप बंद करना, राजस्व निरीक्षक पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नति, वेतन विसंगति दूर करना और सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी स्वत्वों का भुगतान करना शामिल है। इसके अलावा आंदोलन अवधि में संगठन के पदाधिकारियों पर की गई कार्रवाई को शून्य करने की मांग भी की जा रही है।

रायगढ़ जिले में हड़ताल जिला मुख्यालय और धरमजयगढ़ में जारी है। जिला मुख्यालय स्थित हड़ताल स्थल पर 22वें दिन जिला अध्यक्ष उमेश नायक, जिला सचिव शुक्ल कुमार प्रधान, कोषाध्यक्ष गजेंद्र राठौर और रायगढ़ तहसील अध्यक्ष अमर दास सहित बड़ी संख्या में पटवारी उपस्थित रहे। पुसौर तहसील अध्यक्ष छबि लाल पटेल भी आंदोलन में शामिल हुए।

समर्थन जताने पहुंचे ट्रेड यूनियन काउंसिल के पदाधिकारियों में अध्यक्ष शेख कलीमुल्लाह, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार मेघमाला, प्रवीण तंबोली, रंकामनी बारिक, बिंदेश्वर राम रौतिया, विष्णु यादव, श्याम किशोर प्रधान, सुदर्शन उरांव, एसएल भगत, निराकार चौहान और टिल्लो राम पटेल शामिल थे। कार्यक्रम की जानकारी ट्रेड यूनियन काउंसिल के सचिव श्याम जायसवाल ने जारी की।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss