spot_img

Latest Posts

दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश, 10 वाहन बरामद; 8 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में एक अपचारी बालक सहित कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पूंजीपथरा पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में छह आरोपियों को पकड़ा है। बीएस कंपनी कॉलोनी तराईमाल निवासी मुकेश कुमार बघेल ने 2 नवंबर को अपनी बजाज पल्सर 125 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 30 अक्टूबर की शाम बाइक कमरे के सामने खड़ी की थी, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।

जांच के दौरान पुलिस को बंजारी मंदिर जंगल में एक गुम मोबाइल की लोकेशन मिली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने राजू चौहान, लक्की सिदार, राजेश श्रीवास, बीर सिंह उर्फ लाल सिंह, सूर्यदेव राम और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपियों ने तराईमाल स्थित बीएस कंपनी कॉलोनी और उर्दना क्षेत्र से नौ मोटरसाइकिलें तथा दो मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रात में बाइक चोरी कर जंगल में ले जाते और पेड़ों की पत्तियों से ढककर छिपा देते थे। पुलिस ने करीब 6 लाख 12 हजार रुपये कीमत की नौ मोटरसाइकिलें और दो मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ चोरी के साथ संगठित अपराध की धारा 112(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में राजू चौहान और राजेश श्रीवास का पूर्व में भी बाइक और तांबा चोरी के मामलों में रिकॉर्ड सामने आया है।

दूसरी कार्रवाई में लैलूंगा पुलिस ने चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। ग्राम सराईटोला, जिला जशपुर निवासी पुरुषोत्तम पैकरा ने 29 अक्टूबर को अपनी पल्सर बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाइक 26 अक्टूबर को ग्राम राताखण्ड के मेन रोड किनारे खड़ी की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि राजपुर निवासी अनिश यादव और निलेश यादव चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पूछताछ में दोनों ने बाइक के कुछ पार्ट्स बदलकर उसे मॉडिफाई करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने करीब 80 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल बरामद कर दोनों को गिरफ्तार किया।

बरामद 10 मोटरसाइकिलों की सूची

-बजाज पल्सर – CG 13 BM 6316
-हीरो फैशन प्रो – CG 13 AF 3760
-सफेद रंग की स्कूटी – CG 13 S 5100
-बजाज प्लेटिना – CG 13 P 4387
-यामाहा R15 – CG 13 BH 4121
-सुपर स्प्लेंडर – बिना नंबर
-होंडा साइन – बिना नंबर
-हीरो होंडा स्प्लेंडर NXG – CG 13 UB 9346
-टीवीएस विक्टर – CG 14 MM 6243
-पल्सर – CG 14 MV 9707

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि वाहन चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की भी पतासाजी की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से वाहन सुरक्षित स्थानों पर खड़े करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss