spot_img

Latest Posts

रायगढ़ की रेल सुविधाओं को लेकर चेंबर ने रेलवे प्रशासन के सामने रखीं आठ मांगें

रायगढ़। रायगढ़ के बढ़ते औद्योगिक एवं व्यापारिक महत्व को देखते हुए छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स की रायगढ़ इकाई ने रेलवे प्रशासन के समक्ष यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेल सेवाओं में सुधार से जुड़ी आठ प्रमुख मांगें रखी हैं। चेंबर ने इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह करते हुए कहा कि इससे रायगढ़ के व्यापार, उद्योग, रोजगार और आम यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकेंगी।

चेंबर की ओर से रेलवे प्रशासन के समक्ष सबसे पहले हजूर साहिब नांदेड-संतरागाछी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12767/12768 का रायगढ़ स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की गई है। संगठन का कहना है कि इस ट्रेन के रायगढ़ में रुकने से स्थानीय यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा रायगढ़ से अयोध्या धाम के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग रखी गई है। चेंबर ने कम से कम सप्ताह में एक दिन रायगढ़-अयोध्या धाम के बीच सीधी ट्रेन चलाने का आग्रह किया है।

चेंबर ने गोंडवाना एक्सप्रेस और हीराकुंड एक्सप्रेस को प्रतिदिन संचालित करने की मांग भी की है। संगठन के अनुसार, इन ट्रेनों की नियमित सेवा से रायगढ़ और आसपास के यात्रियों को रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकेगा।

रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्मों की संख्या बढ़ाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। चेंबर ने रायगढ़ के बढ़ते औद्योगिक और व्यापारिक महत्व तथा यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए स्टेशन की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता बताई है।

चेंबर ने बंद की गई प्रयागराज-विशाखापट्टनम ट्रेन संख्या 04159 का संचालन दोबारा शुरू करने की मांग भी रखी है। संगठन ने कम से कम सप्ताह में एक दिन इस ट्रेन का संचालन पुनः शुरू करने का आग्रह किया है, ताकि रायगढ़ और आसपास के यात्रियों को प्रयागराज सहित मार्ग के अन्य क्षेत्रों के लिए सुविधा मिल सके।

इसके साथ ही रायगढ़-कोरबा के बीच डीएमयू लोकल ट्रेन चलाने की मांग की गई है। चेंबर ने स्थानीय आवागमन और यात्रियों की सुविधा के लिए इस रेल सेवा को शुरू करने की आवश्यकता बताई।

चेंबर ने तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 17433 का रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर ठहराव देने की मांग भी की है। संगठन ने कहा कि इस ट्रेन के ठहराव से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा मिल सकती है।

रायगढ़ जनशताब्दी एक्सप्रेस को लेकर भी चेंबर ने रेलवे प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। संगठन ने मांग की कि ट्रेन को अनावश्यक विलंब से बचाते हुए निर्धारित समय पर संचालित किया जाए। साथ ही आउटर पर लंबे समय तक ट्रेन खड़ी रहने की स्थिति को कम करने की मांग की गई है।

छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स की रायगढ़ इकाई ने कहा कि रायगढ़ औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में बेहतर रेल कनेक्टिविटी और पर्याप्त यात्री सुविधाएं स्थानीय व्यापार, उद्योग, रोजगार तथा आम यात्रियों के लिए उपयोगी होंगी। चेंबर ने रेलवे प्रशासन से सभी मांगों पर शीघ्र विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

इस अवसर पर चेंबर के अध्यक्ष गोपी ठाकुर, महासचिव रवि कटारे, कोषाध्यक्ष डोलनारायण देवांगन, संरक्षक महेंद्र राजपाल, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज बेरिवाल, रतिंदर राय, विमल अग्रवाल, मनोहर छाबड़ा, शारदा सिंह, अंकार सिंह, जुगर रंगरेज, केशव तलरेजा, मुबश्शिर हुसैन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss