जहर सेवन कर युवक ने की आत्महत्या की कोशिश, घरघोड़ा नगर पंचायत उपाध्यक्ष पर प्रताड़ना के आरोप

रायगढ़। घरघोड़ा में पारिवारिक विवाद के बीच एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। युवक के भाई ने नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित के भाई ने थाना प्रभारी को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच, कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
वार्ड क्रमांक 2, घरघोड़ा निवासी मुजाहिर खान ने शिकायत आवेदन में बताया है कि उनके छोटे भाई मोनू खान को नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी कथित तौर पर लगातार परेशान कर रहे थे। शिकायत के अनुसार, युवक के साथ मारपीट की गई और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर दबाव बनाया गया।
मुजाहिर खान का आरोप है कि लगातार तनाव और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर मोनू खान ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया और आत्महत्या की कोशिश की। इसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार ने आशंका जताई है कि यदि कथित दबाव और प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका तो भविष्य में कोई और गंभीर घटना हो सकती है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही अस्पताल में भर्ती युवक का बयान दर्ज कर घटना की वास्तविक स्थिति सामने लाने तथा परिवार को कथित धमकी और दबाव से सुरक्षा देने की गुहार लगाई गई है। शिकायत में झूठे मामलों में फंसाने की कथित कोशिशों पर रोक लगाने की मांग भी शामिल है।
घटना के बाद तहसीलदार घरघोड़ा हिमांशु सिंह द्वारा अस्पताल पहुंचकर घायल युवक का बयान लिए जाने की जानकारी सामने आई है। इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि और उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला।
फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी का पक्ष सामने आना बाकी है। मामले में पुलिस की जांच और युवक के बयान के आधार पर ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
