रायगढ़ नर्सिंग कॉलेज भवन के लिए 11.61 करोड़ स्वीकृत, ओपी चौधरी के प्रयासों से मिली मंजूरी

रायगढ़। जिले में स्वास्थ्य शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में नवीन नर्सिंग महाविद्यालय के भवन निर्माण के लिए 11 करोड़ 61 लाख 41 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। वित्त विभाग ने निर्माण कार्य के लिए कुल 1161.41 लाख रुपये की राशि पर सहमति प्रदान की है। इस स्वीकृति को प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के प्रयासों का परिणाम बताया गया है।
नर्सिंग महाविद्यालय के भवन निर्माण से रायगढ़ सहित पूरे संभाग के छात्र-छात्राओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। भवन के अभाव में अब तक महाविद्यालय को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। नए भवन के निर्माण के बाद विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ नर्सिंग की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं को नर्सिंग शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत भी कम होगी।
इस महाविद्यालय के माध्यम से हर साल सैकड़ों छात्र-छात्राओं को नर्सिंग शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलने की उम्मीद जताई गई है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी लंबे समय से रायगढ़ में चिकित्सा और स्वास्थ्य शिक्षा की सुविधाओं को मजबूत करने की पहल कर रहे हैं। इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज के बाद अब नर्सिंग महाविद्यालय के भवन निर्माण की दिशा में भी प्रक्रिया आगे बढ़ी है। उनके प्रयासों से जिले में नालंदा परिसर, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज जैसी परियोजनाएं विकसित हो रही हैं।
वित्त विभाग से प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद अब भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसके तहत टेंडर और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। नर्सिंग महाविद्यालय के लिए भवन उपलब्ध होने से रायगढ़ में स्वास्थ्य शिक्षा के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
