Raigarh News

रायगढ़ स्टेशन की सुविधाओं को लेकर कांग्रेस ने GM को सौंपा ज्ञापन, रखी कई मांगेंरायगढ़ स्टेशन की सुविधाओं को लेकर कांग्रेस ने GM को सौंपा ज्ञापन, रखी कई मांगें

रायगढ़। रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) रायगढ़ ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश को ज्ञापन सौंपा। महाप्रबंधक के चांपा-रायगढ़ रेलखंड के निरीक्षण दौरे के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को उनके सामने रखा। महाप्रबंधक ने रायगढ़ स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की थी।

कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि रायगढ़ औद्योगिक, व्यापारिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण क्षेत्र है और रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय तथा आसपास के क्षेत्रों के यात्री पहुंचते हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशन पर उपलब्ध मौजूदा सुविधाओं का विस्तार किए जाने की जरूरत है।

ज्ञापन में स्टेशन के नवनिर्मित अतिरिक्त परिसर में पर्याप्त बिजली, प्रकाश और स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की गई। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन परिसर में मेडिकल स्टोर की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन की रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी रेलवे प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। ज्ञापन में कहा गया कि रात के समय स्टेशन परिसर में असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायतें सामने आती हैं। इससे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और अकेले यात्रा करने वाले लोगों में असुरक्षा की स्थिति बनती है। कांग्रेस ने 24 घंटे प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, आरपीएफ और पुलिस की नियमित गश्त तथा सीसीटीवी निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने की मांग की।

रेल कनेक्टिविटी के मुद्दे पर कांग्रेस ने रायगढ़ से हावड़ा के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रायगढ़ की औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों के कारण हावड़ा तथा पश्चिम बंगाल की ओर यात्रियों का आवागमन होता है। कांग्रेस ने इस संबंध में रेलवे बोर्ड के समक्ष प्रस्ताव भेजकर आवश्यक पहल करने की मांग की।

इसके अलावा रायगढ़ से प्रयागराज के लिए सीधी नियमित ट्रेन शुरू करने अथवा किसी उपयुक्त मौजूदा ट्रेन का रायगढ़ तक विस्तार करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई। रायगढ़ से प्रयागराज के लिए सीधी रेल सेवा की मांग पहले भी स्थानीय स्तर पर उठाई जा चुकी है। मार्च 2026 में ट्रेड यूनियन काउंसिल के प्रतिनिधिमंडल ने भी महाप्रबंधक के समक्ष प्रयागराज के लिए सीधी ट्रेन की मांग रखी थी। इसके बाद विशाखापट्टनम-प्रयागराज साप्ताहिक ट्रेन के संचालन का उल्लेख भी संगठन की ओर से किया गया था।

कांग्रेस ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन की लिफ्ट को 24 घंटे संचालित रखने की मांग भी की। ज्ञापन में कहा गया कि लिफ्ट बुजुर्गों, दिव्यांग यात्रियों, गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। इसलिए इसे चौबीसों घंटे चालू रखने के साथ तकनीकी खराबी आने की स्थिति में तत्काल मरम्मत की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

स्टेशन से जुड़े अंडरब्रिज के विस्तार और चौड़ीकरण की मांग भी प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक के सामने रखी। कांग्रेस का कहना है कि बढ़ते यातायात और पैदल यात्रियों के दबाव के कारण कई बार आवागमन प्रभावित होता है। शहर के भविष्य के विस्तार को देखते हुए अंडरब्रिज की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई।

जिला कांग्रेस कमेटी ने रेलवे प्रशासन से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव, पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष शेख सलीम नियारिया, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष कन्हैया पटेल, विकास शर्मा, विकास ठेठवार, संदीप अग्रवाल, अनुराग गुप्ता, आशीष शर्मा, रामचंद्र शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, शेषचरण तिवारी, रजत गोयल, गुलशन साहू, वैभव चौबे और अमृत काटजू सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

EDITOR IN CHIEF at RAJAT KIRAN NEWS | Website | + posts
Back to top button