spot_img

Latest Posts

ओपी चौधरी के प्रयासों से महापल्ली को मिली पुलिस चौकी, 37 गांवों को मिलेगी राहत

रायगढ़। रायगढ़ ग्रामीण क्षेत्र के 37 गांवों को अब चक्रधर नगर थाने पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने महापल्ली में नव स्वीकृत पुलिस चौकी के क्षेत्राधिकार में इन गांवों को शामिल करने की अधिसूचना जारी कर दी है। 30 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, अब इन गांवों के लोगों को पुलिस संबंधी कार्यों के लिए महापल्ली चौकी की सुविधा मिलेगी।

विधायक ओपी चौधरी ने इसे ग्रामीण क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि जनसंख्या विस्तार और भौगोलिक दूरी को देखते हुए महापल्ली में पुलिस चौकी खोलने की जरूरत थी। पहले महापल्ली सहित आसपास के 37 गांवों के ग्रामीणों को छोटी शिकायतों और एफआईआर के लिए 20 से 25 किलोमीटर दूर चक्रधर नगर थाने जाना पड़ता था। इससे लोगों को समय के साथ आर्थिक और शारीरिक परेशानी भी उठानी पड़ती थी। बुजुर्गों, महिलाओं और किसानों को विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

जारी अधिसूचना में महापल्ली, कोटरापाली, सियारपाली, कोतरलिया, कोटमार, कारीछापर, तिलगा, भगोरा, नटवरपुर, देवबहाल, झारगुड़ा, अडबहाल, बलभद्रपुर, बनबहरी, सिकोसीमाल, सरबहाल, कोलाईबहाल, मनुवापाली, जामगांव, बेहरापाली, कोयलंगा, भईयापाली, छुहीपाली, नवापारा, डुमरपाली, बेलरिया, बनोरा, ककर्दा, साल्हेओना, लोईंग, शकरबोगा, कोसमपाली, विश्वनाथपाली, भोजपल्ली, सराईपाली, सपनैई और धूमाबहाल सहित गांवों को महापल्ली चौकी के अंतर्गत शामिल किया गया है।

ओपी चौधरी के अनुसार, इस संबंध में गृह विभाग से लगातार पत्राचार किया गया था। चौकी शुरू होने से ग्रामीणों को पुलिस तक पहुंचने में सहूलियत मिलने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर नियंत्रण के प्रयासों को भी मदद मिलेगी।

Latest Posts

spot_img

Don't Miss